देवरिया। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस ने सोमवार को शहर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा समेत विभिन्न वाहनों की जांच की गई।
अभियान के दौरान वैध कागजात वाले ई-रिक्शा की नंबरिंग की गई। वहीं गोरखपुर रोड, कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड और बस स्टैंड पर सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो चालकों, बिना हेलमेट लगाए बाइक सवार, एक बाइक पर तीन सवारी बैठाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने कुल 128 वाहनों का ई-चालान किया, जबकि 10 वाहनों को सीज किया। पुलिस ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित होगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।