फोटो समाचार........
घटना को याद कर व घटनास्थल का मंजर देख सिहर जा रहे थे गांव के लोग
बेटे-बेटियों की याद में रातभर रोता रहा शिवशंकर
अर्धनिर्मित मकान के बाहर ही गुजारी रात, घर के अंदर जाने का साहस नहीं जुटा पा रहा शिवशंकर
अगल-बगल के गांव के ग्रामीण मिले शिवशंकर से, आर्थिक मदद करते हुए हर संभव मदद का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/भलुअनी। भलुअनी कस्बा के डुमरी वार्ड में शनिवार की सुबह करीब पांच बजे सिलिंडर ब्लास्ट होने से चार लोग जिंदा जल गए। घटना में पत्नी, बेटा व दो बेटियों को गंवाने वाला शिवशंकर पूरी रात उनकी याद में रोता रहा। डुमरी के अधिकतर घरों में शनिवार को चूल्हे नहीं जले। मौके पर मौजूद ग्रामीण उसे समझाते-बुझाते रहे।
भलुअनी कस्बा के डुमरी वार्ड निवासी शिवशंकर गुप्त गांव में फेरी लगाकर पावरोटी बेचते हैं। शनिवार की सुबह उनकी पत्नी आरती ने रेग्युलेटर ऑन कर ज्योंहि चूल्हे में लाइटर जलाया। गैस रिसाव के कारण पाइप में आग लग गई। बाहर दातून कर रहे शिवशकंर गुप्ता जब तक कुछ समझ पाते तब तक तेज आवाज के साथ गैस सिलिंडर फट गया। इसकी चपेट में आने से आरती और कमरे में सो रहे तीनों बच्चे आंचल (14), सृष्टि (11 माह), कुंदन (12) की मौत हो गई। घटना के बाद उस मंजर को याद कर हर कोई कांप जा रहा था।
आग इतनी विकराल थी कि घर में मौजूद मां, बेटा व बेटी के साथ-साथ सारा सामान जलकर राख हो गया था। बीती रात गांव के अधिकतर घरों में चूल्हा नहीं जला। हर कोई इस घटना को लेकर शोकाकुल था।
अर्धनिर्मित मकान के बाहर ही शिवशंकर ने गुजारी रात
सिलिंडर फटने की घटना में देखते ही देखते कमरे के अंदर मौजूद पत्नी, बेटा व बेटियां जलकर मर गई। बरहज से चारों को गंगा लाभ देकर आने के बाद शिवशंकर बाहर ही रुक गया। वह निर्माणाधीन मकान के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। बार-बार उसी कमरे की तरफ देख रहा था। बाहर ही वह तख्त पर बैठ गया। वह बेसुध सभी आने व जाने वालों को देख रहा था। वह बस रोते हुए पत्नी व बेटा-बेटी को याद कर रहा था। मौके पर मौजूद उसके पिता व अन्य परिजन उसे दिलासा दे रहे थे।
ग्रामीणों ने की आर्थिक मदद, हर संभव सहयोग का दिया आश्वासन
सिलिंडर फटने की घटना के बाद पटखौली वार्ड नंबर आठ के ग्रामीण शिवशंकर के पास पहुंचे। घटना पर दुख जताते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद रामअचल पाठक, सुनील पाठक, सौरभ मिश्र, बैजनाथ पाठक ने गांव में घूमकर हर संभव मदद करने के लिए सहयोग राशि एकत्रित की। गांव निवासी रामप्रताप पांडेय, अयोध्या मिश्र, मनोज मिश्र, दीनबंधु पाठक, जयप्रकाश पाठक, नवनीत पाठक, हरिकृष्ण मिश्र, राजेंद्र पाठक, रामनगीना गोंड, परशुराम गोंड आदि ने सहयोग राशि उपलब्ध कराई। जिसे शिवशंकर को दिया गया।
आईओसीएल की टीम पहुंची डुमरी, घटनास्थल की जांच की
सिलिंडर फटने से मां सहित तीन मासूमों के जिंदा जलने की सूचना के बाद आईओसीएल यानी इंडियन ऑयल काॅर्पोरेशन लिमिटेड की टीम भलुअनी कस्बे के डुमरी वार्ड पहुंची। तीन सदस्यीय टीम ने सबसे पहले शिवशंकर से जानकारी ली। कनेक्शन संबंधी बात पूछने पर शिवशंकर ने बताया कि जो भी कागजात थे, उसी कमरे में थे। उस कमरे में जो कुछ था। सब जल गया। इसके बाद टीम के सदस्यों ने बारीकी से कमरे में जांच की। इस दौरान फटे सिलिंडर आदि के नमूने भी लिए। इसके बाद थाने पहुंचकर फाॅरेसिंक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्य का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने जांच रिपोर्ट पुलिस प्रशासन को सौंपने की बात कही।
कोट
इंडियन ऑयल काॅर्पोरेशन लिमिटेड की टीम आई थी। जांच करके चली गई। उसकी तरफ जो भी रिपोर्ट दी जाएगी वह जिला प्रशासन को मुहैया करा दी जाएगी। मृतकों के परिजन को जिला प्रशासन की तरफ से मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
-आदित्य कुमार गौतम, सीओ बरहज