....फोटो समाचार
मार्च क्लोजिंग को देखते हुए सभी सरकारी विभागों में देर रात तक हुए भुगतान से जुड़े कामकाज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। वित्तीय वर्ष 2023-24 के अंतिम दिन अवकाश के बावजूद सभी सरकारी कार्यालय व बैंक खुले रहे। विभिन्न विभागों में भुगतान से जुड़े सभी मामलों का निपटारा किया गया।
उपनिबंधन कार्यालय के अलावा स्वास्थ्य, बेसिक, माध्यमिक सहित अन्य विभागों में सभी कर्मचारी माथापच्ची करते देखे गए। कोषागार में 26.19 करोड़ से अधिक का भुगतान पीएफएमएस पोर्टल के जरिए किया गया। हालांकि, सर्वर की धीमी गति ने सभी को परेशान भी किया। वहीं, कई विभागों के लाखों रुपये खर्च करने के अभाव में वापस करना पड़ा।
रविवार को अवकाश होने के बावजूद 31 मार्च को सभी सरकारी कार्यालय सुबह 10 बजे ही खुल गए और देर शाम तक काम चलता रहा। बीएसए कार्यालय में दोपहर दो बजे तक विभिन्न योजनाओं व मदों के बिलों का भुगतान किया गया। कार्यालय के बाहर कुछ शिक्षक अपने विद्यालयों में कंपोजिट ग्रांट नहीं जारी होने की शिकायत लेकर पहुंचे थे। वह कार्यालय के कर्मचारियों से मिलकर इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग करते दिखे।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से वेतन, एरियर, डीएम, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन, कक्ष निरीक्षकों की पारिश्रमिक के रूप में ट्रेजरी को नौ करोड़ का बिल एक दिन पहले ही भेज दिया गया था। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को करीब 35 लाख रुपये लौटाना पड़ा। वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पांडेय ने रविवार की शाम बताया कि ट्रेजरी से अब तक 26.19 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। इसमें पीडल्यूडी का 7 करोड़ 26 लाख 77 914 रुपये, पुलिस विभाग का 1.60 करोड़, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा का 4.79 करोड़, बाढ़ खंड विभाग 9.87 करोड़, कलक्ट्रेट का 4.04 करोड़, जनपद न्यायालय का 98.60 लाख, सिंचाई विभाग का 80.7 लाख सहित अन्य विभागों का भुगतान शामिल रहा।