शराब के नशे में ट्रेन रोकने पहुंचा, कटकर हुई मौत
बैतालपुर। रेलवे स्टेशन के समीप शराब के नशे में धुत व्यक्ति की वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बेलही गांव निवासी जयराम पासवान (55) सोमवार की दोपहर बैतालपुर बाजार के लिए निकला। बाजार में शराब भट्ठी पर कुछ लोगों ने उनको शराब पीते देखा। लोगों ने उसे घर जाने के लिए कहा तो वहां से वह निकल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर बाद वह पश्चिमी ढाले पर पहुंच गया और रेल लाइन पर खड़े होकर दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस के सामने ट्रेन को रोकवाने लगा। काफी करीब आने के बाद ट्रेन के ड्राइवर ने ब्रेक लगाया, पर हादसा हो गया। बैतालपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे फाटक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जीआरपी देवरिया इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि शराबी की ट्रेन से कट कर मौत हो गई।