चालक पुरुषोत्तम राव (फाइल फोटो)।
- फोटो : DEORIA
ट्रक में करंट उतरने से चालक की मौत
बरहज (देवरिया)। कटइलवा पोखरा गांव के निकट एक ट्रक में करंट उतर गया। जिसकी चपेट में आ जाने से चालक की मौत हो गई। जबकि उसमें सवार दो अन्य बाल-बाल बच गए। लोगों के अनुसार ट्रक मुंबई के थाणे का है जो वाराणसी के लिए जा रहा था। चालक के मौत की खबर उसके गांव में पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया।
बुधवार की शाम करीब पौने चार बजे महाराष्ट्र का एक ट्रक देवरिया, बरहज के रास्ते वाराणसी जा रहा था। कटइलवा के समीप रामजानकी मार्ग पर चालक ट्रक को साइड में जैसे ही अच्छेलाल मद्धेशिया के घर के समीप लगाया वहां लटक रहे हाई वोल्टेज तार की जद में आ गया। जिससे उसमें करंट प्रवाहित होने लगा। गौरीबाजार थानाक्षेत्र के बोड़िया अनंत गांव निवासी ट्रक चालक पुरुषोत्तम राव (46) झुलस गए। लोग इलाज के लिए सीएचसी ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक पुरुषोत्तम के मौत की खबर मिलने पर पत्नी मीरा देवी रोते रोते अचेत हो जा रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। इंस्पेक्टर गिरिजेश कुमार तिवारी ने बताया कि शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मुंबई में आठ माह से चला रहे थे ट्रक
बरहज। गौरीबाजार के बोड़िया अनंत गांव निवासी पुरुषोत्तम राव परिवार की माली हालत सुधारने के लिए करीब आठ माह पूर्व मुंबई गए थे। जहां वह ट्रक चलाते थे। बड़ा पुत्र सागर भी ड्राइवर है। पुरुषोत्तम की मौत से घर में दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे की मौत से जहां मां चंद्रकेशी आहत हैं वहीं पुत्री ज्योति, मधु, सलोनी और पुत्र शुभम का रो-रोकर बुरा हाल था।