बघौचघाट। विकास खंड पथरदेवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर महुआबारी के टोला रामपुर में नाली निर्माण कार्य में अनियमितताओं का मामला सामने आया है।
मुख्य मार्ग से सटे नाली के निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए एक युवक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। पथरदेवा के खंड विकास अधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि जल्द ही जांच पूरी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही ईंट बेहद कमजोर हैं और हल्के दबाव में ही टूट जा रही हैं।
इसके अलावा सीमेंट और बालू के मिश्रण को भी मानकों के अनुरूप नहीं बताया जा रहा है, जिससे नाली की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से बनी नाली ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी और यह सरकारी धन की बर्बादी है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। ग्राम विकास अधिकारी उमेश चंद पटेल ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में आ चुकी है। जांच कराई जा रही है। संवाद