संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर (देवरिया)। केजीएमयू लखनऊ से एमबीबीएस और एम्स दिल्ली जैसे बड़े संस्थान से एमडी की पढ़ाई करने वाला डॉ. अल्तमश हुसैन नकली दवा और नकली नोटों का सौदागर है, यह जानकार इलाके के लोग हैरान हैं।
इसके पिता की आज भी नवलपुर चौराहे पर पंक्चर बनाने की दुकान है। पिछले करीब एक साल से डॉ. अल्तमश घर नहीं आया है। पिछले साल जब आया था तो उसके साथ कई लक्जरी गाड़ियों का काफिला और प्राइवेट सुरक्षा गार्ड भी साथ आए थे। तब लोगों को लगा था कि शायद एम्स में डॉक्टर बन जाने की वजह से इसे यह सब सुविधाएं मिली होंगी।
बता दें कि सीतापुर जिले की पुलिस ने बिसवां स्थित गुलजार शाह मेले में नकली नोट खपाने वाले भाई-बहन को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ में पता लगा है कि इस गैंग का सरगना सलेमपुर क्षेत्र के नवलपुर निवासी डॉ. अल्तमश है।
अल्तमश के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में दिल्ली व बहराइच में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। चर्चा है कि कभी भी सीतापुर पुलिस नवलपुर स्थित उसके घर पर भी पूछताछ के लिए आ सकती है।