लार रोड। रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास दो दोस्तों की हत्या के मामले में पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए एसओजी, सर्विलांस, फोरेंसिक और स्थानीय पुलिस समेत छह टीमें लगाई गई हैं।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने घटनास्थल से लेकर लार कस्बे में शराब की दुकान तक जांच-पड़ताल की, जहां दोनों दोस्तों को आखिरी बार देखे जाने की बात सामने आई थी।
मईल थाना क्षेत्र के करजहां गांव निवासी वकील यादव और इटहुरा हजाम गांव निवासी विनय यादव की मंगलवार की आधी रात हत्या कर दी गई थी। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और जल्द पर्दाफाश का भरोसा दिया था।
पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। टीमें संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ अहम सुराग जुटाने में लगी हैं। हालांकि, अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।