सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बछऊर गांव स्थित शिव मंदिर का ताला तोड़ एक शख्स ने बृहस्पतिवार की रात दान पेटी से रुपये चुरा ले गया। मंदिर में हुई यह चोरी की वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना सामने आने के बाद प्रधान प्रतिनिधि अन्नू सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक एक चोर बृहस्पतिवार की देर रात मंदिर परिसर में घुसे और दान पेटी को निशाना बनाते हुए उसमें रखी नगदी लेकर फरार हो गए। सुबह जब मंदिर में पूजा करने पहुंचे लोगों ने दान पेटी टूटी देखी तो घटना की जानकारी अन्य लोगों को दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी घटना कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुटी है। वहीं घटना के बाद गांव के लोगों ने मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायती पत्र पर आरोपी को पुलिस कोतवाली लाई थी। जांच में पता चला कि वह नशेड़ी है। गांव के लोगों ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने की बात कहीं।