संवाद न्यूज एजेंसी देसही देवरिया। देसही देवरिया गांव स्थित पीएचसी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मोलई जैन मंगलवार की अनुपस्थिति के बाद बुधवार को साढ़े नौ बजे के करीब स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। कुछ मरीजों का उपचार करने के बाद 11: 30 बजे के करीब उच्च अधिकारियों को बिना सूचना दिए वापस लौट गए। स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करने पहुंचे जांच अधिकारी की जांच में वह अनुपस्थित मिले। मामले की जांच कर विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है। देसही देवरिया गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. मोलई जैन प्रभारी चिकित्साधिकारी हैं। यहां यही एकमात्र चिकित्सक तैनात हैं। मंगलवार को पूरे दिन वह स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं आए। फार्मासिस्ट इलाज करते रहे। बुधवार को अमर उजाला में चिकित्सक के अनुपस्थिति की खबर प्रकाशित हुई।