रामपुर कारखाना। मामूली विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और नोकझोंक के बाद मामला मारपीट में बदल गया। घटना में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। मंगलवार की रात थाना क्षेत्र के हरपुर बिंदवालिया गांव में पौधारी देवी को एक व्यक्ति ने बिजली के मुद्दे पर अपशब्द कह दिया। महिला के पति द्वारा विरोध करने पर आरोपी युवक अपने परिजनों को बुला लाया। पीड़िता द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर गिरीश साहनी की पिटाई शुरू कर दी। पिता को बचाने पहुंचे रचना (22 वर्ष), आकाश (18 वर्ष) और विशाल (24 वर्ष) को भी पीटा गया। मारपीट में रचना और गिरीश का सिर फट गया, जबकि आकाश की एक उंगली टूट गई।