संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को पांच साल के एक बच्चे के गले में फंसे सिक्के को निकाला। इसके बाद बच्चे ने राहत की सांस ली। प्राइवेट में परिजनों को इसके लिए 18 से 20 हजार रुपये खर्च करना पड़ता।
भटनी थाना क्षेत्र के बलुआ अफगान पंडित टोला निवासी मुजाहिद 5 पुत्र असगर अंसारी सोमवार की शाम को घर पर खेल रहा था। इसी बीच उसने पांच रुपये का सिक्का निगल लिया। प्राइवेट अस्पताल में इलाज महंगा होने के कारण परिजन बच्चे को लेकर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में पहुंचे। ईएनटी विभाग के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता ने बच्चे की जांच की। शाम को केला खिलाया। इसके बाद प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार बरनवाल को जानकारी दी। मंगलवार की सुबह फिर एक्स-रे कराकर सिक्का की स्थिति देखी। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ बच्चे के गले से सिक्का निकाला। संवाद