सलेमपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इमरजेंसी ड्यूटी में लगातार लापरवाही बरतने वाले संविदा चिकित्सक डॉ. राजीव जायसवाल को अधीक्षक ने कार्यमुक्त कर दिया है। इसके बाद अधीक्षक ने मुख्य चिकित्साधिकारी को रिपोर्ट भेजते हुए कार्रवाई की जानकारी दी है।
अधीक्षक के तरफ से सीएमओ को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि संविदा के डॉ. राजीव जायसवाल पिछले करीब दो सप्ताह से इमरजेंसी ड्यूटी में नहीं पहुंच रहे थे। इसके अलावा उन पर समय से ड्यूटी पर न आने, विभागीय पत्र रिसीव न करने और अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप भी हैं। चिकित्सक की अनुपस्थिति के चलते अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार को खुद लगातार इमरजेंसी ड्यूटी संभालनी पड़ रही थी।
अधीक्षक ने मामले को गंभीर मानते हुए चिकित्सक को कार्यमुक्त कर सीएमओ को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग में इस कार्रवाई के बाद चर्चा तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही अधीक्षक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्यासी के चिकित्सक डॉ. टीएन वर्मा के अस्पताल नहीं पहुंचने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के लिए सीएमओ को पत्र भेजा था। लगातार हो रही कार्रवाई के चलते विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।