गौरीबाजार सीएचसी पर मरीतो के बेड पर आराम फरमाता कुत्ता।
- फोटो : DEORIA
सीएचसी: डॉक्टर साहब लापता और रात में बेड पर सोते हैं कुत्ते
गौरी बाजार(देवरिया)। सीएचसी पर रात में डॉक्टर और कर्मचारी नहीं रहते हैं। इसलिए मरीजों को रात में उपचार नहीं मिलता। आधी रात को इलाज के लिए पहुंचे एक युवक ने हकीकत की पोल खोल दी। अस्पताल के अंदर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें अस्पताल में सन्नाटा पसरा है और वार्ड के अंदर बेड पर कुत्ता सो रहा है।
कालावन गांव निवासी प्रदीप सिंह बृहस्पतिवार की रात कान दर्द के इलाज के लिए सीएचसी पर पहुंचे। अस्पताल के अंदर कोई डॉक्टर और कर्मचारी नहीं था। कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई नहीं आया। वार्ड के अंदर बेड पर एक तरफ मरीज सो रहे थे और दूसरी तरफ एक कुत्ता। अस्पताल के अंदर सभी कमरों में ताला लटक रहा था। वार्ड में भर्ती महिला ने बताया कि शाम को डॉक्टर आए थे और बोले कि दरवाजा बंदकर सो जाओ। पीड़ित को मजबूरी में अपना इलाज निजी डॉक्टर के यहां कराना पड़ा। अस्पताल के अंदर दुर्व्यवस्था का दृश्य प्रदीप ने अपने मोबाइल में कैद किया और सोशल मीडिया पर इसे वॉयरल कर दिया है। सीएचसी के प्रभारी डॉ. रतनलाल ने बताया कि एक चिकित्सक और फार्मासिस्ट की ड्यूटी लगी थी। मरीजों के नहीं होने पर वह सोने के लिए चले गए होंगे। कुत्ता मरीज के साथ वार्ड में चला गया होगा। इसकी जांच कराई जाएगी।