संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर और लार का बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने औचक निरीक्षण किया। सलेमपुर में बेहोशी के डॉक्टर और लार में डेंटल सर्जन सहित कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी को स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही जल्द से जल्द सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ सबसे पहले सीएचसी सलेमपुर पहुंचे। उन्होंंने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था देखा। वार्ड, दवा स्टाक रजिस्टर, स्टोर रूम, लैब ऑपरेशन थियेटर, एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। सीएमओ ने दवाखाना में तैनात फार्मासिस्ट से दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। काउंटर पर दवा लेने आए मरीजों से दवा मिलने के बारे में पूछा। प्रसव कक्ष एवं अस्पताल में फैली गंदगी पर नाराजगी जताई। प्रसव कक्ष में पहुंच कर महिला कर्मचारियों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पीकू वार्ड का निरीक्षण कर वार्ड में बच्चों के डॉक्टर की व्यवस्था कराने की बात कही। सीएचसी लार में डेंटल कक्ष पहुंचकर मशीनों के बारे में जानकारी ली, जहां डेंटल सर्जन व कई कर्मी अनुपस्थित रहे।