देवरिया। आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में खराब फीडबैक पर डीएम मधुसूदन हुल्गी ने चार अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं। इनमें बिजली निगम, बाढ़ खंड, नगर निकाय और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
डीएम ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही से जिले की रैंकिंग प्रभावित होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय से बृहस्पतिवार को डीएम ने गूगल मीट के माध्यम से आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की।
शिकायतों के निस्तारण के बाद मिले खराब फीडबैक पर उन्होंने अधिशासी अभियंता बिजली देवरिया, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड, अधिशासी अधिकारी पथरदेवा और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बरहज को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी समस्या सुनें और समाधान के बाद उसकी संतुष्टि भी प्राप्त करें। निस्तारण रिपोर्ट में शिकायत की श्रेणी, संबंधित तथ्य और की गई कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त तथ्यों के या नियमों के विपरीत शिकायतों का निस्तारण स्वीकार नहीं किया जाएगा। डीएम ने कहा कि आईजीआरएस की शिकातों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आईजीआरएस के साथ शासन और मुख्यमंत्री कार्यालय से मिलने वाली शिकायतों का भी समय से गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित अन्य अधिकारी माैजूद रहे।