योजनाओं को सक्रियता से क्रियान्वित करने के निर्देश
डीएम ने कहा- एमडीएम, मिशन प्रेरणा और कायाकल्प योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाएं
डीएम ने बेसिक कार्यालय के सभागार में की विभागीय समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। डीएम अमित किशोर की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा कार्यालय सभागार में शुक्रवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें मध्याह्न भोजन, मिशन प्रेरणा, कायाकल्प योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने शासन के निर्देशों के तहत सक्रियतापूर्वक इन्हें क्रियान्वित किए जाने का आदेश बेसिक शिक्षा विभाग सहित अन्य जुड़े सभी विभागों को दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता कदापि नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने बीएसए से कहा कि मध्याह्न भोजन योजनांतर्गत खाद्यान्न कन्वर्जन धनराशि एवं प्रेरणा पोर्टल पर डाटा इंट्री प्रभावी तरीके से किए जाने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को मेरे तरफ से निर्देश पत्र जारी कराएं। कायाकल्प के तहत स्कूलों में सुदृढ़ीकरण कार्य को भी सक्रियता से कराने तथा इसका निरीक्षण सभी बीईओ को नियमित रूप से किए जाने के निर्देश दिए। प्रेरणा पोर्टल पर डाटा इंट्री में जनपद को अग्रणी रखने के लिए सभी से पूरे तत्परता से कार्य किए जाने को कहा। डीएम ने स्वास्थ्य, पंचायती, बाल विकास, आपूर्ति सहित जुड़े अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं को क्रियान्वित कराए जाने पर बल देते हुए कहा कि सभी विभाग अपनी पूर्णत: भागीदारी इन योजनाओं के क्रियान्वयन में निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को ड्रेस वितरण कार्यक्रम के तहत ड्रेस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों को 1.10 लाख ड्रेस बनाए जाने हैं। इस कार्य को उपायुक्त एनआरएलएम प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित कराएं। सीडीओ शिव शरणप्पा जीएन ने बेसिक विभाग की एक-एक कार्यक्रमों की समीक्षा मौके पर की। बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव ने संचालित योजनाओं के प्रगति विवरण की जानकारी दी। मौके पर मशरूम की खेती किए जाने की जानकारी स्वतंत्र सिंह ने दी। बीईओ देसही ज्ञानचंद मिश्र ने बताया कि धमउर ग्राम में मशरूम का उत्पादन एमडीएम के लिए किया जा रहा है। बैठक में डीआईओएस शिवचंद्र राम, वित्त लेखाधिकारी जगदीश लाल श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सीडीपीओे दयाराम, जिला पूर्ति अधिकारी विनय सिंह, डिप्टी आरएमओ जितेंद्र यादव सहित सभी बीईओ मौजूद रहे।