डीएम, एसपी ने ली बैरक की तलाशी
जेल में निरीक्षण के दौरान नहीं मिली कोई प्रतिबंधित वस्तु
भोजनालय, अस्पताल का जाना हाल
सुरक्षा पर डीएम और एसपी ने जेल प्रशासन से की बात
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिलाधिकारी अमित किशोर और पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। बंदियों और कैदियों की चिकित्सा व्यवस्था के बारे जानकारी ली। भोजनालय का हाल जाना और बैरक की तलाशी ली। जहां पर कोई भी प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था को ठीक करने के निर्देश दिए।
दोपहर में करीब एक बजे डीएम और एसपी जेल पहुंचे। डीएम ने बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ की। कुछ बंदियों ने अपनी समस्याओं को डीएम से बताया तो उन्होंने निदान करने के लिए जेल प्रशासन को निर्देश दिए। जेल के अस्पताल में दवाओं का उचित प्रबंधन करने का आदेश दिया और जरूरत पड़ने पर दूसरी जगह इलाज कराने को भी कहा। कोविड नियमों का पालन करने में सतर्क रहने की सलाह दी। डीएम ने बैरक की तलाशी कराई लेकिन सब कुछ ठीक मिला। इसके बाद निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण गुणवत्तापूर्वक कार्य करने का आदेश दिया। एसपी ने सुरक्षा को लेकर जेल प्रशासन से वार्ता की। उन्होंने कहा कि जेल की सुरक्षा को लेकर बेहद सजग रहने की आवश्यकता है। अगर किसी प्रकार की दिक्कत हो तो तुरंत सूचना दें ताकि समय से प्रभावी कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि जेल से न्यायालय आने जाने वाले बंदियों पर विशेष निगाह रखनी होगी। अगर कोई संदिग्ध बात हो पुलिस को बताया जाना चाहिए। इस दौरान जेलर जेपी तिवारी सहित अन्य जेलकर्मी मौजूद रहे।