देवरिया। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत भाटपाररानी में विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर आने वाले मतदाताओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
डीएम और एसपी ने प्राथमिक विद्यालय रौनी गंग चक, प्राथमिक विद्यालय सुर्जापुर, संविलियन विद्यालय बरईपार, प्राथमिक विद्यालय भिंडा मिश्र, कंपोजिट विद्यालय जगहथा, प्राथमिक विद्यालय बड़का गांव, उच्च प्राथमिक विद्यालय बनकटा शंभू, उच्च प्राथमिक विद्यालय छपिया सहित एक दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, रैंप, चार्जिंग पॉइंट, प्रकाश व्यवस्था, व्हीलचेयर, पंखा, स्वच्छ शौचालय आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर जून माह की संभावित गर्मी को ध्यान में रखते हुए छायादार स्थल का भी इंतजाम किया जाए तथा मतदाताओं के लिए नींबू पानी व शीतल पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने विभिन्न ग्राम प्रधानों को जिलाधिकारी की पाती सौंप कर मतदान प्रतिशत बढाने का अनुरोध दिया। डीएम ने बुलावा टोली के माध्यम से गांव में सभी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम हरिशंकर लाल सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।