डीएम और एसपी ने मतदेय स्थलों पर सुविधाओं का लिया जायजा
फोटो समाचार।
लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की अपील
हर पात्र का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने का दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी।
रुद्रपुर। लोकसभा चुनाव में मतदान को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के मतदेय स्थानों पर मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों से चुनाव में निर्भीक होकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने की अपील की। भ्रमण के दौरान डीएम ने बूथों पर बीएलओ से सभी पात्रों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए।
डीएम अखंड प्रताप सिंह और एसपी संकल्प शर्मा नगर के पूर्वी बाईपास स्थित प्राथमिक विद्यालय द्वितीय पर पहुंचे। यहां पिंक बूथ बनाया जाना प्रस्तावित है। बूथ पर व्यवस्था संतोषजनक रही। उन्होंने जोगिया बुजुर्ग, पिड़रा, रतनपुर, बेलवा दुबौली, भगवान माझा, तिघरा खैरवा, लालपुर परसिया, करहकोल आदि बूथों का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि निर्वाचन की टीम लगातार बूथ से लेकर वोटरों के बीच भ्रमण कर रही है। लोकतंत्र के उत्सव में सभी लोगों को हिस्सा लेना चाहिए। समुचित वातावरण में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। बीएलओ को मतदाता सूची दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम रत्नेश तिवारी, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार शिवेन्द्र कौंडिल्य, अनिल तिवारी, बीईओ राज किशोर सिंह, राजन सिंह आदि मौजूद रहे।