देवरिया। जिले के पांच आकांक्षात्मक विकास खंडों में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की बृहस्पतिवार को डीएम मधुसूदन हुल्गी ने समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और रोजगार सहित विभिन्न योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद अधिकारियों की लिखित परीक्षा लेकर विभागीय योजनाओं के बारे में उनकी जानकारी का आकलन किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने गौरी बाजार, लार, बरहज, बनकटा और भागलपुर विकासखंडों में संचालित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, पशुपालन, स्वयं सहायता समूहों, कौशल विकास, रोजगार, वित्तीय समावेशन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर काम करें और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। डीएम ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को कृषि और संबंधित विभागों की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास में तेजी लाने को कहा।