कमेटी में एडीपीआरओ के साथ लोक निर्माण के सहायक अभियंता व ग्रामीण अभियंत्रण के अवर अभियंता शामिल
जांच टीम सात कार्य दिवस के अंदर डीएम को सौंपेगी अपनी जांच रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। विकास खंड के ग्राम कैथवलिया में निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल की छत गिरने की तकनीकी जांच जनपद स्तरीय जांच कमेटी करेगी। इसके लिए जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण कुमार चौरसिया के नेतृत्व में एक तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। इस जांच कमेटी में एडीपीआरओ के अलावा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पीपी सिंह व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता मनीष सिंह होंगे। जांच टीम सात कार्य दिवस के अंदर डीएम को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। इसकी सूचना दूरभाष के जरिए किसी ने जिलाधिकारी को दे दी। इसके बाद से डीएम के निर्देश पर सोमवार को डीपीआरओ ने मौके पर पहुंचकर अंत्येष्टि स्थल का स्थलीय सत्यापन किया। इसमें प्रथम दृष्टया मानक के विपरीत कार्य कराए जाने एवं शासकीय धन का दुरुपयोग किया जाना परिलक्षित हुआ। उन्होंने अपनी जांच आख्या डीएम को सौंप दी। इसके आधार पर जिलाधिकारी ने जांच कमेटी गठित की है।