संवाद न्यूज एजेंसी
बघौचघाट। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बघौचघाट क्षेत्र के लगभग एक दर्जन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप जिला प्रशासन सभी बूथों को वोटर फ्रेंडली बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कम वोटिंग प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों को चिह्नित कर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय मलसी, प्राथमिक विद्यालय मेदीपट्टी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमवाँ दुबे, प्राथमिक विद्यालय बसडीला मैनुद्दीन, आदर्श प्राथमिक विद्यालय बसडीला जद्दुघुरी,आदर्श प्राथमिक विद्यालय मेहा हरहंगपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुर महुआबारी, प्राथमिक विद्यालय रामनगर, प्राथमिक विद्यालय नीलामी टोला पकहाँ, उच्च प्राथमिक विद्यालय पकहागढ़, उच्च प्राथमिक विद्यालय सुंदरपुर एवं प्राथमिक विद्यालय बघौचघाट का निरीक्षण किया।
डीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर संकेतक लगाने, मतदान कार्मिकों के लिए फर्नीचर की उपलब्धता, रैंप, शौचालय, चार्जिंग पॉइंट, प्रकाश व्यवस्था, पंखा, पेयजल, मतदान कक्ष में प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर छायादार स्थल एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। इस दौरान एएसडीएम अवधेश निगम सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।