डीएम ने बूथों पर मतदान की तैयारियों का लिया जायजा, बूथों पर छांव और मूलभूत सुविधाओं का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। जिलाधिकारी ने शनिवार को क्षेत्र के बूथों पर मतदान की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बूथों पर मूलभूत सुविधाओं के साथ मतदान के दौरान छांव के इंतजाम का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर मौजूद बीएलओ को हर पात्र का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए।
डीएम अखंड प्रताप सिंह दोपहर बाद कंपोजिट विद्यालय रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को मतदान के दिन सफाई और शौचालय की सुविधा बढ़ाने के लिए कहा। सतासी इंटर कॉलेज में बूथों पर रैंप ठीक कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने छपौली, जंगल पिपरा, लक्ष्मीपुर, लुअठही, शिवपुर, खोरमा, कन्हौली, पचमा, निबही, बौरडीह, कुरैती, गाजीपुर भैंसही, सतुआभार, महेशपुर, जंगल लालपुर, एकला मिश्रौलिया आदि बूथों का निरीक्षण किया।
डीएम ने एसडीएम रत्नेश तिवारी को हर दिन बूथों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के लिए कहा। इस दौरान उपजिलाधिकारी रत्नेश तिवारी, ईओ नितेश गौरव, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौडिल्य, अनिल तिवारी, बीईओ राजकिशोर सिंह, राजन सिंह, सत्य प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।