संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने सोमवार को लोकसभा चुनाव को लेकर रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय करमेल बनरही, उच्च प्राथमिक विद्यालय कोरवां, प्राथमिक विद्यालय कृतपुरा, प्राथमिक विद्यालय अम्मा उर्फ अमवां, प्राथमिक विद्यालय कोरवां, प्राथमिक विद्यालय टड़वा, प्राथमिक विद्यालय जमीरा, प्राथमिक विद्यालय मालपट्टी एवं प्राथमिक विद्यालय मठिया तिवारी का निरीक्षण किया। डीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर शौचालय, स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थल, चार्जिंग पॉइंट, पंखा, प्रकाश व्यवस्था रैंप, फर्नीचर आदि के बारे में जानकारी ली। डीएम ने कहा कि 1 जून को जिले में मतदान होगा। जून माह की संभावित गर्मी के मद्देनजर सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मतदान केंद्रों पर आम का पन्ना, नींबू पानी एवं आवश्यक दवा उपलब्ध रहेगी। डीएम ने ग्राम प्रधान एवं उनके प्रतिनिधियों को भोजपुरी भाषा में लिखित पाती भी सौंपी और प्रवासी मतदाताओं को वोट डालने के लिए बुलाने की अपील की। इस दौरान एसडीएम रुद्रपुर रत्नेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।