बरहज। स्थानीय तहसील परिसर में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें राजस्व और पुलिस के मामले छाए रहे। कुल आये 65 मामलों में से चार मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों और लोगों के आपस में बातचीत के दौरान होने वाले शोर-शराबा पर डीएम दिव्या मित्तल तल्ख हो गईं। उन्होंने सभी को सामूहिक रूप से फटकार लगाते हुए अनुशासित रहने को कहा।
एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कार्रवाई शुरू हुई। दिन के 11.55 बजे डीएम दिव्या मित्तल भी पहुंच गईं। डीएम के पहुंचने के कुछ देर बाद फरियादियों की भीड़ बढ़ गई। अजयपुरा के धर्मराज ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने की शिकायत किया, जिस पर डीएम ने गांवों में सरकारी जमीनों पर कब्जा करने की मिल रही शिकायत पर जिम्मेदारों ने चिन्हांकन कराकर खाली कराते हुए कार्रवाई करने को कहा।
दोहनी गांव की चंद्रकली देवी ने एसडीएम कोर्ट में बंटवारा दाखिल होने और घर पर किसी के न होने पर एक पक्ष द्वारा अधिक जमीन कब्जा कर पक्का निर्माण करवाने, मेहियवां के सनोज यादव घर के सामने सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने, देईडीहा के रमाशंकर पाल ने ग्राम सभा में बिना विकास कार्य कराए फर्जी तरीके से धन आहरित करने, नगरपालिका के वार्ड मेंबर लव सोनकर ने जयनगर वार्ड में सीसी रोड का पूर्ण रूप से निर्माण कार्य न कराने, वार्ड मेंबर दीपक कुमार और सुरजावती देवी आदि ने पचौहां के प्राचीन हनुमान मंदिर, डीह स्थान को फर्जी तरीके से ट्रस्ट कराने, फुलवरिया पांडेय के रामबिहारी ने बंजर की भूमि पर गांव के दबंग और सरकस व्यक्तियाें द्वारा खूंटा-डंडा गाड़कर कब्जा करने, भलुअनी के वार्ड नंबर पांच जरार रमन के लोगों ने मुख्य मार्ग को खोदकर नाली निर्माण से हो रहे अवरोध आदि की शिकायत किया। दिवस में राजस्व के 14, पुलिस 25, विकास सात, खाद्य एवं रसद पांच, समाज कल्याण दो, अन्य 12 सहित कुल 65 मामले आये। इसमें राजस्व के दो, विकास और अन्य के एक-एक सहित चार मामलों का निस्तारण कर दिया गया।
मौके पर डीएफओ, सीओ राजेश कुमार चतुर्वेदी, डीएसओ संजय पांडेय, बीडीओ एजाज अहमद, भूपेंद्र नाथ राय, मदनमोहन पाठक, एक्सईएन अनिल कुमार, जेई अखिलेश कुमार, शुभम कुमार, आपूर्ति निरीक्षक संजीव त्रिपाठी, एसआई राघवेंद्र सिंह, ईओ निरुपमा प्रताप, रामप्रताप, अमरेंद्र यादव, वीरेंद्र कुमार, हीरालाल मधुकर आदि मौजूद रहे।
चक्कर आने पर फर्श पर बैठ गया फरियादी : बरहज। तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया था। डीएम दिव्या मित्तल अधिकारियों के साथ फरियाद सुन रही थीं। लोगों के अनुसार दिवस की कार्रवाई के दौरान गोरखपुर जनपद के नेतवार पट्टी निवासी जगदंबा फरियाद लेकर आये थे। इसी बीच चक्कर आ जाने से वह अचानक फर्श पर बैठ गए।