जिलाधिकारी हुए कोरोना संक्रमित, खुद को किया क्वारंटीन
देवरिया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। मंगलवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। उन्होंने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से कोविड की जांच कराने को कहा है। साथ ही कहा है कि कोविड अभी समाप्त नहीं हुआ है। इसे लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। जनपदवासियों से कोविड प्रोटोकाल का पालन करने अपील की है। वहीं एंटीजन जांच में एक वारंटी भी संक्रमित मिला है।
जिले में कोरोना संक्रमण पांव पसारने लगा है। दो दिन से लगातार संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी ने आरटीपीसीआर जांच कराई। शाम को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद कार्यालय समेत उनके संपर्क में आने वाले लोग परेशान हो गए। जिलाधिकारी ने सभी से जांच कराने के लिए कहा है। शाम को कुछ लोगों ने सैंपल भी दिया। साथ ही कार्यालय को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए गए। उधर, तरकुलवा क्षेत्र का एक व्यक्ति किसी मामले में वारंटी है। पुलिस उसे जेल भेजने के लिए एंटीजन जांच कराई तो वह संक्रमित मिला। उसे अस्पताल में क्वारंटीन किया गया है। डॉ. आलोक पांडेय ने कहा कि कोविड को लेकर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जांच कराई जा रही है। लोगों को कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करने के लिए कहा जा रहा है।