खुखुंदू। सहालग में डीजे के शोर से परीक्षार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने में काफी बाधा उत्पन्न हो रही है। यह शोर बोर्ड परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों की परीक्षाएं लेने लगा है। हालात यह है कि रात-रात भर डीजे बजने से परीक्षार्थी न तो ठीक से सो पा रहे हैं और न ही तैयारी कर पा रहे हैं।
सीबीएसई की मंगलवार और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। दोनों परीक्षाओं में करीब 1.25 लाख परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इन परीक्षाओं के साथ-साथ लगन का सीजन भी चल रहा है। इन शादियों में तेज ध्वनि के साथ बज रहे डीजे एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने में बाधक बन रहे हैं।
शाम से शुरू यह शोर देर रात तक जारी रहता है। ऐसे में सुबह की परीक्षा के लिए तैयारी करना किसी चुनौती से कम नहीं है। बोर्ड परीक्षाओं के पहले दिन भी तेज लगन है। इससे परीक्षार्थी और अभिभावक दोनों ही चिंतित हैं। इनका कहना है कि लगन में आसपास कहीं न कहीं रात भर डीजे बजता रहता है। कुछ नहीं तो घर के पास से कोई बरात ही गुजर जाती है। इससे पढ़ाई ही नहीं हो पा रही है। इतना ही नहीं ठीक ढंग से नींद भी पूरी नहीं हो रही है, जिससे परीक्षार्थियों में तनाव व्याप्त है। अभिभावकों का कहना है कि अगर परीक्षा कुछ दिनों तक टल गई रहती तो शायद तैयारी में दिक्कत नहीं होती। अभिभावकों का कहना है कि तेज आवाज में बज रहे डीजे की शिकायत करने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। उल्टे डांटने-फटकारने लगती है।
अंधेरे में कैसे होगी परीक्षा की तैयारी ः खुखुंदू। एक तरफ परीक्षार्थियों की पढ़ाई में जहां डीजे बांधा बन रहा है, वहीं दूसरी तरफ बिजली कटौती भी बहुत अधिक बाधा उत्पन्न कर रही है। डीजे की आवाज से बचने के लिए परीक्षार्थी घर के अंदर बैठकर पढ़ाई करने जा रहे है तो अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है। खुखुंदू क्षेत्र में दिनभर बिजली गुल रह रही है। इसके अलावा रात में भी कई बार कटौती की जा रही है, जिससे परीक्षार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जबकि इन दिनों न तो गर्मी है और न ही बिजली की अधिक खपत है। बावजूद इसके लगातार कटौती से परीक्षार्थियों के अलावा आम जनमानस भी परेशान हैं।