देवरिया। सब जूनियर बालक स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए जनपद स्तर पर भी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसके लिए जिले से भी मजबूत टीम भेजने की तैयारी हो रही है। जिला और मंडल ट्रायल की तिथियां घोषित होने के बाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में संचालित भारतीय खेल प्राधिकरण के शिविर और वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के खिलाड़ी इसकी तैयारियों में जुटे हैं।
खेल निदेशालय एवं प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से इस बार बरेली में 25 से 27 अगस्त तक सब जूनियर स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके लिए 16 अगस्त को जिला ट्रायल एवं 18 अगस्त को मंडल ट्रायल होगा। इसके लिए फ्री स्टाइल व ग्रीको रोमन में 45, 48, 51, 55, 60, 65, 71, 80, 92, 110 किलोग्राम भार वर्ग निर्धारित किया गया है। वर्तमान में रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुश्ती के दो प्रशिक्षण शिविर चल रहे हैं। इसके एक खेल निदेशालय की ओर से संचालित होने वाला वार्षिक शिविर, जिसके प्रशिक्षक खुद क्रीड़ाधिकारी ही हैं, वहीं दूसरा प्रशिक्षण शिविर खेलो इंडिया के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से चल रहा है। दो-दो शिविर चलने से जनपद में इस खेल में खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़ी है। साई के शिविर में 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 15 बालक व 15 बालिका वर्ग खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रही हैं। जबकि वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में भी खिलाड़ियों की संख्या 30 के ऊपर है।
-
संभावित खिलाड़ी कर रहे तैयारी
क्रीड़ाधिकारी राज नारायण प्रसाद ने बताया कि सब जूनियर आयु वर्ग के संभावित खिलाड़ियों में जिले से साई शिविर के शनि भारद्वाज, विराज सिंह, किशन कुमार यादव के अलावा वार्षिक शिविर के सोनू पटेल, अंगद यादव, शैलेंद्र कुमार, संजन कुमार शामिल हैं। इन्हें सब जूनियर स्टेट की तैयारियों के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विपक्षी खिलाड़ी को कब किस दांव से हराना है, जब वह हावी होने लगे तो क्या दांव व तकनीक लगाएं, इस पर विशेष रूप से बताया जा रहा है। जिला ट्रायल में इन खिलाडियों को ही दावेदारी पेश करनी है। पूरी कोशिश है कि मंडल ट्रायल के लिए दमदार टीम भेजी जाए, ताकि यहां के खिलाड़ी स्टेट में गोरखपुर मंडल को पदक दिला सकें और जनपद का मान सम्मान बढ़ाएं।