- अधिकारियों की तमाम कोशिशों के बावजूद नहीं आ रही कार्य में तेजी
- होना है 4149 शिक्षण संस्थानों का अपडेटेशन, शुक्रवार तक 60.22 प्रतिशत हुआ है
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के शिक्षण संस्थान यू डायस पोर्टल पर विद्यार्थियों का प्रोफाइल अपलोड करने में लगातार पीछे बने हुए हैं। अभी 60.22 प्रतिशत ही यह कार्य पूरा हुआ है। अधिकतर संस्थानों ने शिक्षकों का डाटा तो पूरा कर लिया है, लेकिन विद्यार्थियों का डाटा पूरा नहीं है। इसे लेकर 78 प्रधानाध्यापकों व 246 माध्यमिक स्कूलों का वेतन भी रोका गया है। हालांकि इसके बावजूद इस कार्य में तेजी नहीं दिख रही है।
शिक्षा विभाग में वर्तमान में यू डायस पोर्टल यानि शिक्षा के लिए एकीकृत जिला सूचना प्रणाली जिसके अंतर्गत सभी स्कूली डेटा को व्यवस्थित एवं वर्गीकृत करने का कार्य चल रहा है। इसमें स्टूडेंट माड्यूल के अंतर्गत विद्यार्थियों के डाटा फिडिंग का कार्य सबसे प्रमुख है। इधर, शासन भी इस कार्य के जल्द से जल्द पूरा कराने के प्रति काफी गंभीर है, हालांकि जिले के शिक्षण संस्थान इस ओर से अभी उतने गंभीर नहीं नजर आ रहे हैं। जनपद में कुल 4149 विद्यालयों जिसमें परिषदीय, माध्यमिक, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय, मान्यता प्राप्त वित्तविहीन सहित समाज कल्याण से संचालित संस्थान भी शामिल हैं। यू डायस पोर्टल पर स्कूल से संबंधित सूचना व सुविधाएं, टीचर प्रोफाइल में शिक्षकों से जुड़े 34 बिंदुओं एवं स्टूडेंट प्रोफाइल में छात्रों के 56 बिंदुओं पर डाटा अपलोड करना है। अधिकांश शैक्षिक संस्थानों ने टीचर माड्यूल को पूरा कर लिया है, लेकिन स्टूडेंट माड्यूल को भरने में प्रधानाध्यापकों को दिक्कतें आ रही हैं। इधर शासन स्तर से नाराजगी जताए जाने पर जनपदीय अधिकारियों ने 78 प्रधानाध्यापकों, 242 माध्यमिक के प्रधानाचार्यों का अप्रैल माह का वेतन रोक दिया है।
आधार का अपलोड न होना बन रहा समस्या
जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रामाजी यादव एवं उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने शुक्रवार को बताया कि सरकार सारे कार्य मोबाइल से करा रही है। लेकिन उसके लिए कोई सुविधा शिक्षकों को नहीं दे रही है। न ही नेट, ना मोबाइल या टैबलेट कुछ भी अभी नहीं दिया गया। ऐसे में शिक्षक पढ़ाने के अलावा क्या-क्या करें। यू डायस पोर्टल को भरवाने के लिए प्रशिक्षण तक नहीं दिया गया। अधिकांश पुराने प्रधानाध्यापक हैं वह स्मार्टफोन चलाना नहीं जानते। इससे भी समस्या बढ़ रही है। यू डायस पोर्टल पर डाटा इंट्री का कायर्य बीआरसी पर तैनात संविदा कर्मचारियों को देनी चाहिए, ताकि यह कार्य सुगमता से हो सके।
-
अधिकारी बोले- यू डायस पोर्टल के कार्य को जल्द से जल्द करें पूरा
उधर डीआईओएस डॉ. विनोद कुमार राय ने शुक्रवार को बताया कि यू डायस पर स्कूल, शिक्षक व विद्यार्थी का सारा डाटा जल्द से जल्द पूर्ण रूप से भर लें। शासन इस पर लगातार कड़े रुख अपना रहा है, जो भी लापरवाही करेगा, उनका वेतन रोका जाएगा। बीएसए हरिश्चंद्र नाथ ने कहा कि जिन प्रधानाध्यापकों ने यू डायस पोटल पर डाटा पूर्ण नहीं किया है, वह अतिशीघ्र इसे पूरा कर लें।