देवरिया। मेरी माटी-मेरा देश के तहत निकली गई रैली के बाद टाउन हाल में बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बैनर पर पार्टी जिलाध्यक्ष का नाम न होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। कुछ देर बाद अधिकारियों ने लखनऊ से आए बैनर को हटवाया तो मामला शांत हुआ। इसके बाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसको लेकर काफी गहमागहमी रही। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष ने किसी तरह के हंगामे की बात से इन्कार किया है।
बुधवार की सुबह विभिन्न नगर पंचायतों से आई कलश यात्रा टाउन हाल में पहुंची। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होना था। इसके लिए टाउन हॉल के ऑडिटोरियम में व्यवस्था की गई थी। यहां पर शहीद के परिजनों का सम्मान भी किया जाना था। कार्यक्रम की शुरुआत होने वाली थी। मंच पर पीछे मेरी माटी-मेरा देश के तहत जनपद स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का बैनर लगा था। इस बैनर पर जिले के सभी माननीयों का नाम था। पर, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह का नाम न देख कर भाजपा के कुछ नेता हो-हल्ला मचाने लगे। नेता मांग करने लगे कि बैनर पर जिलाध्यक्ष का नाम होना चाहिए था, अगर उनका नाम नहीं है तो सब बेकार है। इसको देखते हुए कार्यक्रम का आयोजन करने वाले अधिकारी ने बैनर को तुरंत हटवा दिया तब जाकर मामला शांत हुआ और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।