रुद्रपुर। प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस को कंट्रोल करने में मंगलवार की रात पुलिस के पसीने छूट गए। देर रात 12 बजे सभी प्रतिमाओं के पक्का चौक से निकलने के बाद पुलिस-प्रशासन की जान में जान आई। यहां पक्का चौक पर मुहर्रम में ताजिया बैठाई जाती है। चौक को कोई क्षति न पहुंचाए इसके लिए चारों ओर से लोहे की बैरिकेडिंग लगाई गई। एसडीएम रत्नेश तिवारी सीओ अंशुमन श्रीवास्तव कोतवाली प्रभारी एमके चतुर्वेदी सहित भारी पुलिस बल विसर्जन के दौरान चौक पर डटा रहा।
दशहरा मेला और दुर्गापूजा में पक्का चौक की सुरक्षा पुलिस प्रशासन के लिए हर साल चुनौतीपूर्ण कार्य हो गया है। यहां चौराहे के बीच बने चौक पर मुहर्रम में ताजिया रखी जाती है। चौक और चौराहे के सुंदरीकरण को लेकर वर्षो से चल रहा संघर्ष विवाद का विषय बना है। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का जुलूस चौक से होकर निकलता है। चौक पर प्रतिमाओं के पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हाे जाता। मूर्तियों को घुमाने के दौरान युवक चौक पर शक्ति प्रदर्शन पर उतारू हो जाते हैं। इस कारण प्रशासन को हर वर्ष ज्यादा पुलिस बल लगाना पड़ रहा है। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस में मूर्ति पूजा समिति के युवा चौक पर देरतक नारेबाजी कर नाचते रहते हैं। इस कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। पुलिस ने चौक की सुरक्षा के लिए चारों ओर से लोहे का बैरिकेडिंग लगाई है। बैरिकेडिंग लगने से रास्ता और संकरा हो जाता है। चौक पर होने वाली रस्साकसी को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। लोगों का मानना है कि यहां कभी भी बड़ी वारदात हो सकती है। उन्होंने इस समस्या का स्थाई हल निकालने की प्रशासन से मांग की है। एसडीएम रत्नेश तिवारी ने कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन मार्ग को सुलभ बनाने के प्रयास किया जाएगा। समस्या का दोनों समुदाय के संभ्रांत लोगों की सहमति से हल निकालने का प्रयास किया जाएगा।
-
दुर्गा मां के जयघोष के साथ देर रात तक हुआ मूर्ति विसर्जन
- जुलूस में भारी मात्रा में पुलिस रही तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। नगर में रखी गई दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार की देर रात तक किया गया। मेहरौनाघाट पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। एहतियात के तौर पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रही। इसके पूर्व लार नगर की सभी दुर्गा प्रतिमाएं कतारबद्ध होकर ट्राली से निकली। रास्ते में महिलाओं ने पूजन किया। इसके बाद ड्रम सेट व डीजे की धुन पर भक्ति गीतों पर नृत्य करते माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। साथ मे पुलिस के जवान साथ चल रहे थे। मेले में किसी प्रकार का व्यवधान ना हो इसके लिए कमेटी के लोग चौकन्ना थे। पुलिस ड्रोन से भी मेले की निगरानी कर रही थी। रास्ते में लगे मेले का लोगों ने लुत्फ उठाया।जगह जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। देर रात तक सभी मूर्तियों को पुलिस की मौजूदगी में मेहरौनाघाट पर विसर्जन कर दिया गया। इस दौरान एसडीएम,सीओ,प्रभारी निरीक्षक कपिलदेव चौधरी सहित कई थाने की फोर्स तैनात रही।
मूर्ति विसर्जन में खलल डालने वाले तीन लोगों को पुलिस ने बैठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेहरौनाघाट। लार थाना क्षेत्र के मेहरौना चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह मंगलवार को तीन युवकों को शांति व्यवस्था में खलल डालने के आरोप में तीन लोगों को थाने में बैठाया। मेहरौना चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह ने बताया कि शांति व्यवस्था को लेकर तीन लोगों को बैठाया गया है। मूर्ति विसर्जन के बाद छोड़ दिया जाएगा।