शराब की दुकान पर रात को हुआ विवाद,बीआरडी में घायल का चल रहा इलाज
बनकटा रेलवे स्टेशन पर आरोपी चलाता है मुर्गा की दुकान,पुलिस ने किया गिरफ्तार
भाटपाररानी। शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर दो युवक आपस में उलझ गए। बात इतनी बढ़ गई कि एक ने दूसरे युवक की गर्दन में चाकू घोप दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को भुड़वार सीएचसी पर ले गई। गंभीर हालत देख डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। घायल का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। हमलावर के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
एक शराब की दुकान पर शनिवार की रात बनकटा थाना क्षेत्र के भैसही के बंजरिया गांव निवासी श्रवण वर्मा (42) का इंगुरी सराय गांव निवासी इस्लाम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नशे में धुत इस्लाम ने चाकू से श्रवण वर्मा के गले पर वार कर दिया। चाकू लगने के बाद वह जमीन पर गिर गया। हमलावर की बनकटा रेलवे स्टेशन पर मीट की दुकान है। पुलिस ने घायल श्रवण वर्मा की पत्नी बेबी देवी की तहरीर पर इस्लाम के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। एसओ नवीन मिश्रा ने बताया कि दोनों के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।