सलेमपुर। रेस्टोरेंट में मीट उपलब्ध नहीं होने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। एक पक्ष ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर मारने-पीटने का आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र के विराजभार गांव निवासी सूरज कुमार हरैया वार्ड नंबर पांच स्थित एक रेस्टोरेंट में कर्मचारी हैं। आरोप है कि शनिवार की रात करीब नौ बजे कुछ युवक रेस्टोरेंट पहुंचे और सूरज से मीट मांगा। रेस्टोरेंट में मीट उपलब्ध नहीं होने की बात कहने पर युवक नाराज हो गए। इसको लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ता देख रेस्टोरेंट संचालक ने पुलिस को सूचना दी। घटना के अगले दिन रविवार सुबह सूरज ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दूसरे पक्ष के भठवां सलेमपुर निवासी मैनुद्दीन ने भी कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मारपीट का आरोप लगाया है। सीओ गौरव सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई होगी। संवाद