गौरी बाजार। क्षेत्र के चरियांव खास गांव में रविवार को निजी जमीन पर बनी मजार के विस्तार को लेकर विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। साथ ही निर्माण कार्य रुकवाते हुए मौके पर रखी निर्माण सामग्री हटवा दी।
मामले से जुड़े संदीप बरनवाल ने बताया कि उनके पूर्वजों ने मजार बनाने के लिए अपनी जमीन दी थी। करीब 15 दिन पहले नसरुल्लाह ने मजार के विस्तार का काम शुरू कराया। आरोप है कि पुरानी मजार के बगल में एक अन्य मजार बनाने के साथ ही ईंट बिछाकर बाउंड्री बनाने का प्रयास किया जा रहा था।
संदीप के अनुसार, निर्माण का विरोध करने पर बड़ी संख्या में दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। एसओ मृत्युंजय राय ने बताया कि विवादित स्थान से निर्माण सामग्री और अन्य सामान हटवा दिया गया है। दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई है।