फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: मंदिर की जमीन पर रार...देर शाम तक चली तकरार

विज्ञापन
धरने के दौरान सड़क पर लेटे महंत राजेश नारायण दास को समझाते पुलिसकर्मी। संवाद   
विज्ञापन
देवरिया। देवरिया खास स्थित मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर की जमीन के विवाद में मंगलवार को सुबह से देर शाम तक तनाव बना रहा। सुबह मंदिर के महंत राजेश नारायण दास धरने पर बैठे तो प्रशासन ने पैमाइश का भरोसा देकर उन्हें मनाया। शाम को पैमाइश के बाद गेट सील कराया गया तो मंत्री के समर्थकों ने हंगामा कर दिया। तनाव को देखते हुए फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और एसडीएम ने दोनों पक्ष को कोर्ट में तलब किया है।
विज्ञापन

मंगलवार की सुबह धरने पर बैठे महंत ने राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम पर मंदिर की जमीन कब्जाने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्हाेंने कहा कि मंत्री अपने पद का दुरुपयोग कर रही हैं। कहा कि मंदिर की भूमि पर कुछ दिन पूर्व जबरन दीवार बनवा दी गई। उन्होंने प्रशासन पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया। कहा कि, बार-बार प्रशासन से गुहार लगाने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
महंत ने कहा कि 18 अगस्त को मंदिर की तरफ जबरन गेट खड़ा कर दिया गया। जब प्रशासन से मदद मांगी तो अधिकारी मौन बने रहे। उन्होंने कि जब सारी दरख्वास्त बेकार होती दिखी और प्रशासन भी लाचार दिखा तब धरने पर बैठने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। उन्होंने चेतावनी दी कि मंदिर की भूमि बचाने के लिए हर स्तर पर लड़ेंगे। बाद में पहुंचीं एसडीएम सदर श्रुति शर्मा ने शाम पांच बजे मंदिर की भूमि की पैमाइश कराने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

इसके बाद महंत राजेश नारायण ने धरना खत्म किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि मंदिर की जमीन धार्मिक आस्था से जुड़ी है, जिस पर किसी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। देर शाम प्रशासनिक कार्रवाई के बाद फिर विवाद खड़ा हो गया। प्रशासनिक टीम ने पैमाइश पूरी करने के बाद मंदिर परिसर की ओर बने गेट को सील कर दिया। इसकी जानकारी राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम के समर्थकों को हुई तो वे मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। बताया जा रहा है कि मंत्री के समर्थकों ने प्रशासनिक अधिकारियों को घेर लिया। अधिकारियों की गाड़ियों को रोकने की कोशिश की और परिसर से बाहर निकलने नहीं दिया। आधे घंटे तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। अधिकारियों और मंत्री समर्थकों के बीच नोकझोंक भी हुई।

मंत्री के समझाने पर माने समर्थक, खत्म किया धरना


देवरिया। देवरिया खास स्थित मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर परिसर से प्रशासनिक टीम के बाहर निकालने के बाद तनाव बढ़ गया। गेट सील करने से नाराज मंत्री के समर्थकों ने शहर के सुभाष चौक पर नारेबाजी शुरू कर दी और धरने पर बैठ गए। समर्थकों का कहना था कि प्रशासनिक कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है और गेट से सील तत्काल हटाई जानी चाहिए।

धरने की जानकारी मिलते ही एएसपी, एडीएम वित्त, तहसीलदार और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन पुलिस-प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहा। धरने की सूचना पर राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम खुद सक्रिय हुईं। उन्होंने समर्थकों से बात की और शांत होने की अपील की। मंत्री ने कहा कि यह मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है और जल्द ही इसका उचित समाधान निकलेगा। मंत्री की अपील के बाद समर्थक धीरे-धीरे शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया। धरने के दौरान शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रही।

देर रात तक प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। चर्चा है कि हनुमान मंदिर जमीन विवाद अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद मंत्री समर्थकों का विरोध और फिर धरना इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में यह मामला और भी सुर्खियां बटोर सकता है। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है, लेकिन मंदिर परिसर के आसपास अब भी सख्त निगरानी रखी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें