तरकुलवा। क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात बरात आई थी। इस दौरान डीजे पर डांस करने और फरमाइशी गीत नहीं बजाने से नाराज कुछ लोगों ने डीजे संचालक की पिटाई कर दी। इससे नाराज होकर घराती-बराती आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। कई बराती चोटिल हो गए। सूचना पर पुलिस ने विवाद को शांत कराया। मामले में बेटी के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति के घर शुक्रवार को बरात आई थी। जहां द्वार पूजा के समय डीजे पर फरमाइशी गीत बजाने और डांस करने को लेकर घराती-बराती आपस में भिड़ गए। बताते हैं कि बारात में आए डीजे संचालक पर कुछ लोग मनपसन्द गीत बजाने और नाचने का दबाव बना रहे थे। बराती इसके लिए राजी नहीं थे। डीजे पर फरामइशी गीत नहीं बजाने से नाराज होकर कुछ लोगों ने डीजे संचालक को पीट दिया। यह देख बगल में खड़े गांव वालों से उनकी कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी, जिससे बरात में भगदड़ मच गई। इस बीच किसी ने दूल्हा की कार की हवा खोल दी, तब मामला और बिगड़ गया। नाराज होकर दूल्हा जमीन पर बैठ गया। बेटी के पिता ने तरकुलवा पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।