देवरिया। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आकांक्षात्मक विकास खंड गौरी बाजार, लार, बरहज, बनकटा और भागलपुर की प्रगति की समीक्षा की। कम प्रगति वाले संकेतकों में तेजी से सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
ऑपरेशन कायाकल्प के कार्यों की जानकारी न होने पर मंडी सचिव और डिप्टी आरएमओ का एक दिन का वेतन रोकने तथा विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति व कार्यों में लापरवाही पर खंड शिक्षा अधिकारी भटनी से स्पष्टीकरण तलब करने को कहा।
विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि डीएम ने स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण, शिक्षा, निपुण भारत मिशन, कृषि, सिंचाई, पशुपालन, स्वयं सहायता समूह, कौशल विकास, रोजगार, वित्तीय समावेशन और आधारभूत संरचना से जुड़े संकेतकों की समीक्षा की।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों को योजनाओं का लाभ समय से दिलाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों व प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया।
डीएम ने अधिकारियों को आकांक्षात्मक विकासखंडों का नियमित भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन का सत्यापन करने और मौके पर मिलने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने को कहा।