सलेमपुर। परसिया चंदौर सीएचसी के लिए आई डिजिटल एक्सरे मशीन भागलपुर के पीएचसी में उतार ली गई। इसको लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष है। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतरौली, सोनाड़ी, लीलापुर, परसिया चंदौर, सिधुआ में एक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भुड़वार में दो डिजिटल एक्सरे मशीन लगाने का आदेश आया था। जिसमें सिधुआ, परसियां चंदौर और भुड़वार सीएचसी के लिए डिजिटल एक्सरे मशीन भेजी गईं। लेकिन सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र परसिया चंदौर की एक्सरे मशीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर में उतार ली गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसरिया चंदौर/ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर के चिकित्साधिकारी डॉ. एसके सिंह ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसिया चंदौर में महज 15-20 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं, जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर में 150-170 मरीज ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे हैं। परसिया चंदौली में जनरेटर की सुविधा नहीं है। जनहित में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर में एक्सरे मशीन लगवाना जरूरी था। संवाद