भटनी। विकास खंड क्षेत्र की आठ ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी शुक्रवार से संचालित कर दी गई है। पंचायत भवनों में बनाई गई इन लाइब्रेरियों में छात्रों के बैठकर अध्ययन करने के साथ इंटरनेट, वाई-फाई, डिजिटल और भौतिक पुस्तकों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को गांव में ही शांत वातावरण और जरूरी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए शहर की ओर न जाना पड़े।
लोगों ने बताया कि क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को अब तक पढ़ाई के लिए निजी लाइब्रेरी या शहर जाना पड़ता था। निजी लाइब्रेरी में उन्हें हर महीने करीब एक हजार से 1500 रुपये तक शुल्क देना पड़ता है। ऐसे में ग्राम पंचायत स्तर पर शुरू की गई डिजिटल लाइब्रेरी छात्रों को आर्थिक राहत भी देगीद्ध एडीओ पंचायत विंध्याचल सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत छपिया जयदेव, बभनौली कला, जिगना मिश्र, भरहेचौरा, परसिया करकटहीं, बेलवा बाबू, बांसघाटी और सहोपार के पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी संचालित की जा रही है।