देवरिया। देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर सोनूघाट के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर बृहस्पतिवार को बिना किसी वैध दस्तावेज के ड्रमों में डीजल भरते हुए पकड़ा गया। इसमें ट्राली पर रखे में भरा गया 400 लीटर ईंधन और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत जब्त कर लिया गया। पंप संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हो गई है।
सुबह करीब 09:00 बजे प्रशासनिक टीम ने देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर सोनूघाट से थोड़ी दूर आगे स्थित नायरा कंपनी के पेट्रोल पंप मां आटो फ्यूल, अहिलवार बुजुर्ग पर जिलापूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंप परिसर में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखे दो बड़े ड्रमों में डीजल भरा जा रहा था। संदेह होने पर जब टीम ने जांच किया। तेल भरवा रहे फिरोज अहमद और गोविंद गुप्ता (निवासी चकरवाधूस पंसरही) कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पंप प्रबंधन ने बिना किसी रिकॉर्ड, नाम-पता या वाहन संख्या दर्ज किए ही डीजल ड्रमों में भर दिया था। ग्राहकों को पंप से निकलने वाली रसीद भी नहीं दी गई। प्रशासनिक टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों ड्रमों में भरा लगभग 400 लीटर डीजल और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। पेट्रोल पंप संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई।