मेडिकल कॉलेज में बेड कम होने से आ रही दिक्कत, रोज निराश लौट जा रहे दो मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा है। बेड कम होने के कारण वेटिंग लिस्ट बढ़ रही है। इसके लिए करीब 60 लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इसे देखते हुए मेडिकल के प्रस्ताव पर शासन से आठ बेड की स्वीकृति मिली है। जिसके 15 दिन में लगने की उम्मीद है। वहीं मरीजों को डायलिसिस के लिए मजबूरी में निजी सेंटरों पर जाना पड़ रहा है। जहां उन्हें अधिक कीमत देनी पड़ रही है, जिससे मरीज पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
जनपद में किडनी रोग से पीड़ित मरीजों के डायलिसिस में परेशानी को देखते हुए मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में 26 जनवरी 2021 को छह बेड का डायलिसिस सेंटर स्थापित किया गया। इसे डीसी हेल्थ सर्विसेज संचालित करती है। यहां निशुल्क व्यवस्था है। मरीज अधिक होने के कारण बेड की जरूरत महसूस की जाने लगी। इसके बाद 15 अप्रैल 2022 को चार बेड बढ़ाया गया। इसे लेकर बेड की संख्या दस हो गई है। हर रोज 30 मरीजों मरीजों की डायलिसिस होती है। वहीं दस में एक बेड हेपेटाइटिस सी पॉजिटिव मरीज के लिए होने से परेशानी होती है। करीब दो लोगों को वापस लौटना पड़ता है। इधर प्रत्येक दिन दो मरीजों के हिसाब से एक महीने में मरीजों की वेटिंग लिस्ट 60 हो गई है। इसे देखते हुए सेंटर पर आठ बेड बढ़ाने के लिए फरवरी 2023 में प्रस्ताव राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन निदेशालय को भेजा गया। वहां से मार्च माह के दूसरे सप्ताह में स्वीकृति मिली है। कंपनी की ओर से माह के अंतिम सप्ताह में मशीन मंगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 15 अप्रैल तक बेड बढ़ने की उम्मीद है। इसके बाद इंतजार कर रहे मरीजों को राहत मिलेगी। मजबूरी में मरीजों को निजी सेंटरों में डायलिलिस कराना पड़ रहा है, जहां एक डायलिसिस पर 2500 से 3400 रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है। इससे मरीजों को परेशानी है।
- परिवार के सदस्य का डायलिसिस कराने के लिए डेढ़ से इंतजार कर रहा हूं। बाहर कराने पर 34 सौ रुपये एक बार में खर्च हो रहा है, जिससे परेशानी हो रही है।
रामसेवक यादव, नकदह फुलवरिया -
- बेड कम होने से डायलिसिस में दिक्कत हो रही है। काफी प्रतीक्षा करना पड़ रहा है। हेपेटाइटिस सी पीड़ित के लिए एक बेड है। आने पर बेड खाली होने और बढ़ने की बात कही जा रही है।
अखिलेश तिवारी, खजुरी तिवारी
डायलिसिस सेंटर में बेड बढ़ाने की स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही सामान्य व हेपेटाइटिस सी के मरीजों की वेटिंग समाप्त हो जाएगी।
डॉ. एचके मिश्रा सीएमएस
-