संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। विकास खंड बनकटा के हरेराम चौराहा पर शनिवार की रात्रि में शिव शक्ति पूजा समिति के तत्वावधान में विशाल मां भगवती जागरण का आयोजन किया गया। इसमें देवरिया, कुशीनगर, लखनऊ के कलाकारों भजन व झांकी प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। देवरिया से आए गायक छोटू शर्मा ने भजन प्रस्तुत किया तो सभी नाचने लगे। भजन गायिका सपना शुक्ला ने पारंपरिक गीत निबिया के डाली मईया... गीत गाया तो महिलाएं झूमने व नाचने लगीं।
इससे पहले भाजपा नेता धनंजय सिंह बघेल व थाना श्रीरामपुर के थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गणेशजी व कृष्ण-राधा, कृष्ण-सुदामा, शिव-पार्वती मिलन के साथ मां दुर्गा की झांकी को भी कलाकारों ने प्रस्तुत किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। हास्य व कामेडियन चुन्नू चमकीला, अरेंजर विवेक शर्मा, गायिका पूजा राज ने भी भजन प्रस्तुत किया। इस दौरान कमेटी के संजय सिंघानिया, समीर सिंह, सौरभ सिंह, शिवजी गुप्ता, राजू पटेल सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।