कचहरी में पुलिस और अधिवक्ताओं में नोकझोंक
आक्रोशित वकीलों ने सीओ सदर ने समझाकर शांत कराया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। दीवानी कचहरी में बुधवार को एक अधिवक्ता और एक थाना प्रभारी से भूमि विवाद के प्रकरण में बहस हो गई। कुछ ही देर में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। यह देख अधिवक्ता काफी संख्या में मौके पर जुट गए हैं और आक्रोशित हो गए। दोनों पक्षों की तेज आवाज सुनकर परिसर में मौजूद सदर सीओ श्रीयश त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को अलग-अलग समझा-बुझाकर शांत कराया। मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा भी पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली।
लार के थानेदार नवीन चौधरी दीवानी कचहरी आए थे। इसी दौरान लार के भूमि विवाद के एक प्रकरण को लेकर एक अधिवक्ता से उनकी बहस हो गई। कुछ ही देर में दोनों लोगों के बीच नोकझोंक होने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी मामले शांत कराने में जुट गए। अधिवक्ता थानेदार के व्यवहार से नाराज होकर नारेबाजी करने लगे और पुलिस के एक वाहन को घेर लिया।
हो-हल्ला सुनकर सीओ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने लगे। इसके बाद पुलिस के वाहन को बाहर निकाला गया। मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची तो वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों की बातें सुनीं और मामले को शांत कराया। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि कोई विवाद नहीं हुआ है। जानकारी पर वह गए थे। सभी को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है।