सोनाक्षी को प्लेयर ऑफ द मैच।फाइल फोटो
देवरिया। कर्नाटक महिला लीग फुटबाॅल टूर्नामेंट में देवरिया की तीन बेटियां अपने खेल के दम पर जिले का नाम रोशन कर रही हैं। अबतक हुए मुकाबलों में तीनों अपने-अपने खेल से टीम को जीत दिला चुकी हैं और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीत चुकी हैं।
पथरदेवा कुर्मी पट्टी खेल मैदान पर फुटबॉल की बारीकियां सीखने वाली तीन खिलाड़ी कर्नाटक महिला फुटबॉल लीग में अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ा रही हैं। कर्नाटक लीग के परिक्रमा गर्ल क्लब से मुस्कान, सिंह क्लब रुट्स से सोनाक्षी, पिंक पैंथर क्लब से सुष्मिता विश्वकर्मा खेल रही हैं। तीनों की टीम अपना पहला मुकाबला जीत चुकी है। तीनों ही खिलाड़ी अपने अपने मैच में बेहतर खेल का प्रदर्शन कर रही हैं जिनको खेल का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। तीनों खिलाड़ी बाघौचघाट थाना क्षेत्र की हैं। सोनाक्षी मझौवा, सुष्मिता व मुस्कान हरफोड़ा की रहने वाली हैं। उनकी उपलब्धि पर उनके कोच जयकुमार राव ने कहा है तीनों ही खिलाड़ी देश स्तर की खिलाड़ी हैं उनमें बहुत ही प्रतिभा है। आने वाले समय में तीनों भारत की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।वहीं उनकी उपलब्धि पर जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह, विवेक श्रीवास्तव, मोनू सिंह आदि ने बधाई दी है।