- आयशा दिल्ली प्रीमियर लीग में तीन बार बन चुकी हैं प्लेयर ऑफ द मैच
- दिल्ली प्रीमियर लीग में अहबाब एफसी की कप्तान हैं, 18 नवंबर से खेलेंगी कोलकाता लीग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। हौसला हो तो उड़ान भी हो जाती है। इस वाक्य को अपने खेल के दम पर बघौचघाट क्षेत्र के कुर्मीपट्टी खेल मैदान पर फुटबाल खेलने वाली आयशा ने साबित किया है। उनका चयन दिल्ली की सीनियर टीम में हुआ है। अभी आयशा दिल्ली प्रीमियर लीग में अहबाब एफसी क्लब की कप्तान हैं। इनकी टीम फाइनल खेल रही है। वहीं आयशा का चयन कोलकाता लीग में भी हुआ है।
जिले के बघौचघाट क्षेत्र के मुरार छापर निवासी मुसाफ़िर की पुत्री आयशा शुरू से ही पढ़ाई के साथ फुटबाल खेलने में रुचि रखती थीं। आयशा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज कुर्मीपट्टी महिला फुटबाल टीम की कप्तान हैं। आयशा कुर्मीपट्टी खेल मैदान पर ही बचपन से फुटबाल की बारीकियां सीख कर आज देश के अनेक नेशनल फुटबाल टूर्नामेंट खेल चुकी हैं। इस समय आयशा दिल्ली प्रीमियर लीग में खेल रही हैं। वह अहबाब एफसी क्लब टीम की कप्तान हैं और उनकी टीम फाइनल में पहुंच गई है। आयशा के बेहतरीन खेल को देखते हुए दिल्ली के फुटबाल के चयनकर्ताओं ने उसे दिल्ली सीनियर टीम में चुन लिया है। वहीं कोलकाता में शुरू हो रहे कोलकाता लीग में भी 18 नवंबर से वह खेलेंगी। यहां वह कालीघाट क्लब की ओर से खेलेंगी।
आयशा के प्रशिक्षक जय कुमार राव ने बताया कि वह बहुत ही होनहार खिलाड़ी है। उसमें प्रतिभा बहुत है, आने वाले समय में वह भारत की सीनियर टीम में जरूर शामिल होंगी।