मृतक के घर एसपी से बार्ता करते सपा के जिलाध्यक्ष डॉ. दिलीप
- फोटो : SALEMPUR
परिजनों से मिलने पहुंचे एसपी और सपा जिलाध्यक्ष
72 घंटे बाद हत्यारों तक नहीं पहुंची कोतवाली पुलिस, एसपी ने माना चूक हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के नवलपुर से लापता बुजुर्ग की हत्या के 72 घंटे बाद भी पुलिस हत्यारों की कोई ठोस सबूत नहीं हासिल कर सकी है। बृहस्पतिवार को एसपी मृतक के घर दोपहर करीब एक बजे पहुंचे। परिवार के लोगों से मुलाकात कर इस मामले मेें पुलिस की चूक होने की बात स्वीकारी। वहीं सपा के जिलाध्यक्ष समेत तमाम शुभचिंतकों ने परिवार के लोगों को सांत्वना दी।
लार थानाक्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी मोहम्मद हिदायतुल्लाह उर्फ मुन्ना खान (70) छह जनवरी को कोतवाली थाना क्षेत्र के नवलपुर अपने मकान से घर आ रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया था। बार-बार अपहरणकर्ता हिदायतुल्लाह के मोबाइल से परिवार के लोगों से फिरौती मांगी गई थी। इसकी जानकारी परिवार के लोगों ने पुलिस को भी दी। इसके बावजूद पुलिस सुस्त रही। मंगलवार की सुबह जीरादेई के पास बुजुर्ग का शव मिलने की सूचना मिली। मंगलवार रात आठ बजे कोतवाली पुलिस शव को लेकर उनके घर दामोदरपुर पहुंची। लेकिन परिवार के लोग जनाजा ले जाने रोक दिया था। अधिकारियों काफी मान मनौव्वल पर बुधवार की दोपहर दो बजे जनाजा निकाला गया। बृहस्पतिवार को एसपी श्रीपति मिश्र ने हिदायतुल्लाह की पत्नी और बेटों से मुलाकात कर कोतवाली पुलिस की चूक बताई। इस बीच परिवार वालों से कई अहम बातों की जानकारी ली। उन्होंने परिवार के लोगों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं सपा जिलाध्यक्ष डॉ. दिलीप यादव, पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद, विधानसभा अध्यक्ष सूरज यादव, प्रेमचंद, सभासद प्रदीप समेत शुभचिंतकों का पूरे दिन आने जाने सिलसिला चलता रहा। इस बाबत सीओ वरुण मिश्र ने बताया कि हिदायतुल्लाह का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया गया है, जल्द ही हत्यारों तक पुलिस पहुंच जाएगी।