मनबढ़ों ने युवतियों से की छेड़खानी
लोगों ने एक आरोपी को वाहन समेत पकड़ा, दो युवक भागे
अमर उजाला ब्यूरो
भटनी। गर्मी से निजात पाने के लिए रात को सड़क पर टहल रही युवतियों के साथ कार सवार मनबढ़ युवकों ने छेड़खानी की। मनबढ़ों ने एक युवती को जबरन कार में बैठाने भी लगे, लेकिन किसी तरह वह बचकर भागने में सफल रही। युवतियों के शोर मचाने पर युवक वाहन लेकर भाग निकले। मोहल्ले के लोगों ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। तभी दो आरोपी वाहन से कूद भाग निकले, जबकि उनका एक साथी पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस वाहन समेत युवक को थाने ले गई। सोमवार को दोनों पक्ष सुलह कर घर लौट गए। भटनी नगर के एक मुहल्ला निवासी युवतियां रविवार शाम अंधेरा होने पर सड़क पर टहलने निकलीं। तभी एक रेलवे ढाले के पास से गुजरे कार सवार युवक उन्हें अकेली देखकर छेड़खानी करने लगे। आरोप है कि एक युवती को मनबढ़ जबरन वाहन में बैठाने लगे। युवती किसी तरह जान बचाकर चिल्लाते हुए भाग निकली। जानकारी पर परिजन और मुहल्ले वालों ने वाहन का पीछा कर नजदीकी चौराहे पर वाहन को घेर लिया। अंधेरे का लाभ उठाते हुए मुख्य आरोपी भाग गए, जबकि उनका एक साथी पकड़ा गया। लोगों ने वाहन को चारों तरफ से घेर लिया। वाहन सवार युवक ने अंदर से फाटक लॉक कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवतियों का बयान दर्ज कर वाहन और युवक को थाने लाई। जांच के बाद पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई। सोमवार को माफीनामा के बाद दोनों पक्षों ने सुलह कर लिया। एसओ अश्वनी राय ने बताया कि दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। पीड़ित पक्ष की ओर तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।