देवरिया। शहर के बेलडार रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र के खिलाफ वहां से छूटकर आया एक पीड़ित ने उसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उसका आरोप है कि इलाज के नाम पर केंद्र में भर्ती होने वालों को प्रताड़ित किया जाता है। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर 22 लोगों को मुक्त कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सीवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र कल्याणपुर गांव निवासी सचिदानंद सिंह पिता वीर बहादुर सिंह नशे के आदि थे। उनके नशे की लत छुड़ाने के लिए परिजनों ने कोतवाली थाना क्षेत्र के बेलडार रोड पर स्थित नशा मुक्ति केंद्र पर भर्ती कराया। सचिदानंद करीब 25 दिन से भर्ती थे। उनका आरोप है कि केंद्र में 22 लोग भर्ती हैं, यहां के कर्मियों द्वारा अक्सर भर्ती मरीजों से मारपीट की जाती है। परिजनों से अकेले नहीं मिलने दिया जाता है। सचिदानंद का आरोप है कि रक्षाबंधन के दिन वहां भर्ती एक युवक की जमकर पिटाई कर दी गई थी। पीड़ित ने कोतवाल से कार्रवाई की मांग की। इस पर कोतवाल दिलीप कुमार सिंह ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।