देवरिया। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस सप्ताह अंतर्गत दो दिवसीय पुरुष फुटबाॅल प्रतियोगिता का आरंभ हुआ। उद्घाटन मैच में पथरदेवा ने सनबीम स्कूल की टीम को 5-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। वहीं खेले गए अन्य मैचों में सलेमपुर, स्टेडियम ए और स्टेडियम बी की टीमों ने अपने मैच जीतकर पहले सेमीफाइनल में जगह बनाई। शाम को हुए मुकाबलों में पथरदेवा ने देवरिया ए को एवं दूसरे में सलेमपुर ने देवरिया बी टीम को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हरा फाइनल में जगह बना ली।
खेल का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं जिला ओलंपिक संघ के सचिव अजय जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन मैच सनबीम स्कूल और पथरदेवा के बीच खेला गया। इसमें पूरे समय पथरदेवा की टीम मैच में हावी होकर खेली। टीम के अनीस ने 10 वें, विशाल 14 वें, अफजल 15 वें, अनस 16 वें व 34 वें मिनट में अफजल ने एक-एक गोल कर टीम को 5-0 से मैच जिताया। दूसरा मैच बरहज और सलेमपुर के बीच खेला गया, जिसमें सलेमपुर के नफीस ने दूसरे हॉफ में गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। अंत में यही गोल निर्णायक साबित हुआ। तीसरा मैच स्टेडियम ए देवरिया और तरकुलवा के मध्य हुआ, इसमें तरकुलवा के आकाश मिश्रा ने 26 वें मिनट में और 28 वें मिनट में देवरिया के इमरान अंसारी ने गोल दाग स्कोर 1-1 कर दिया। निर्णय नहीं निकलने पर अंत में पेनाल्टी शूटआउट में देवरिया ए टीम ने 3-2 से बाजी अपने नाम की।
चौथा मैच स्टेडियम बी और अवध स्पोर्ट्स क्लब के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में स्टेडियम बी ने अवध क्लब को 4-0 से शिकस्त दी। इसमें उज्जवल ने छठवें मिनट में, आलोक 15 वें, अंशू 18 वें एवं अभिषेक ने 25 वें मिनट में गोल दागा। पहला सेमीफाइनल मुकाबला देवरिया ए और पथरदेवा के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन के बावजूद अंत तक कोई गोल नहीं हो पाया। पेनाल्टी शूटआउट में पथरदेवा ने देवरिया ए को हरा फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल देवरिया बी एवं सलेमपुर के मध्य हुआ। इसमें दूसरे हॉफ में सलेमपुर के हर्षित ने गोल दाग टीम को 1-0 से आगे कर दिया।
खेल के अंत में यही गोल निर्णायक साबित हुआ और सलेमपुर की टीम निर्णायक मुकाबले में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी। इस दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, वरिष्ठ खिलाड़ी जफर मंसुर, दिवाकर मणि त्रिपाठी, गिरीश सिंह, लालू सिंह यादव, अवधेश यादव, विजय कुमार पाल, शालिनी शर्मा, पूजा सिंह,अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।